हल्द्वानी - दिल्ली से बरामद हुआ लापता सुनार, पुलिस को बताई चौंकाने वाली बात, जानिए किस डर से था गायब
हल्द्वानी - आभूषण बनाने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोपों के बीच लापता हुए एक सर्राफा कारोबारी को पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस उसे वापस लाकर मुखानी थाने लाई, जहां आरोप लगाने वालों के साथ उसकी आमने-सामने वार्ता कराई गई।
थाना प्रभारी मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि लामाचौड़ निवासी एक महिला ने अपने पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार उसके पति, जो सर्राफा कारोबारी हैं, पर कुछ लोगों ने नकद रकम और जेवरात गबन करने का आरोप लगाया था। उनकी स्कूटी लामाचौड़ क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली थी, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया।
पुलिस ने कारोबारी की तलाश के लिए मोबाइल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया। जांच के दौरान उसका लोकेशन दिल्ली में मिला, जहां से उसे बरामद कर लिया गया। थाने में पूछताछ के दौरान सुनार द्वारा प्रस्तुत खातों की जांच की गई, जिसमें सामने आया कि कई लोगों पर उसकी लेनदारी थी और कुछ ग्राहकों को उसे पैसे वापस भी करने थे।
मनोज कुमार कत्याल (एसपी सिटी) ने बताया कि जिन लोगों ने पैसे और जेवर गबन का आरोप लगाया था, उन्हें थाने बुलाकर कारोबारी से आमना-सामना कराया गया। प्राथमिक जांच में गबन या ठगी जैसी बात स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है। कारोबारी ने जिन ग्राहकों के पैसे या जेवर बकाया हैं, उन्हें लौटाने की सहमति जताई है।
सुनार ने पुलिस को बताया कि हाल ही में सोने के दाम में अचानक वृद्धि होने से उसे भारी आर्थिक नुकसान का अंदेशा था। उसने ग्राहकों से जो रकम ज्वैलरी बनाने के लिए ली थी, बढ़े हुए दामों के कारण उसमें घाटा हो रहा था, जिससे घबराकर वह बिना सूचना दिए चला गया। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक लिखापढ़ी के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और मामले की निगरानी जारी है।
