हल्द्वानी - यहां खनन कारोबारी ने खुद को मारी गोली, इस वजह से उठाया आत्मघाती कदम, जांच में जुटी पुलिस
हल्द्वानी - शहर के गौलापार स्थित कुँवरपुर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। पत्नी से कथित विवाद के बाद एक खनन कारोबारी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। मृतक की पहचान कमलेश बेलवाल (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रात लगभग 10 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद कमलेश ने आत्मघाती कदम उठाते हुए अपनी कनपटी पर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कमलेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की गहन पड़ताल जारी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि कमलेश बेलवाल अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली है। उनकी मौत हुई है पूरे मामले की पुलिस जांच में जुटी हुई है। प्रथम दृष्टि पारिवारिक विवाद सामने आया है।
