लालकुआं - बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आकर नर हाथी की मौत, वन विभाग में हड़कंप, हादसे के कारणों की जांच में जुटा वन विभाग
लालकुआं - लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रही बाघ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई। हादसा छतरपुर-हल्दी रेलवे ट्रैक पर पिलर संख्या 55/8 के समीप तराई केंद्रीय वन प्रभाग की रुद्रपुर रेंज में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक दांत टूटकर दूर जा गिरा। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने दांत को सुरक्षा की दृष्टि से अपने कब्जे में ले लिया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद हाथी का दांत वन विभाग को सौंप दिया जाएगा।
हादसे की सूचना मिलते ही तराई केंद्रीय वन प्रभाग के रुद्रपुर डिवीजन के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वन विभाग और रेलवे की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृत हाथी के शव का पोस्टमार्टम विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल द्वारा बुधवार को सुबह 11 बजे किए जाने की जानकारी दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
ट्रेन की गति की भी होगी जांच -
हादसे के बाद वन विभाग इस बात की जांच में जुटा है कि घटना के समय ट्रेन निर्धारित गति सीमा के भीतर चल रही थी या नहीं। जांच के आधार पर हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल, हाथी की मौत से वन विभाग और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े मामलों को लेकर चिंता बढ़ गई है।


