हल्द्वानी - बनभूलपुरा में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 39 लाख से अधिक का जुर्माना, मुकदमा भी दर्ज करने की तैयारी
हल्द्वानी - शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम की कार्रवाई के बाद अब जुर्माना वसूली की तैयारी शुरू हो गई है। जांच में बिजली चोरी के आरोप में पकड़े गए 120 लोगों में से 78 का डाटा तैयार कर लिया गया है। इन लोगों पर करीब 39.66 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, शेष लोगों का डाटा तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। ऊर्जा निगम की ओर से दी गई शिकायतों का पुलिस परीक्षण कर रही है। इसके बाद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार, बनभूलपुरा में पकड़े गए 78 लोगों ने करीब एक साल में कुल 3,07,279 यूनिट बिजली चोरी की। विभाग ने पांच रुपये प्रति यूनिट की दर से इसकी कीमत 15,36,395 रुपये आंकी है। नियमानुसार दोगुना जुर्माना जोड़ने के बाद इनसे कुल 39,66,599 रुपये की वसूली की जानी है।
चार घंटे चली छापेमारी, सात टीमों ने तैयार की शिकायतें -
सोमवार तड़के ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने पुलिस के साथ बनभूलपुरा क्षेत्र में करीब चार घंटे तक छापेमारी की थी। इस दौरान कुल 120 लोगों के यहां बिजली चोरी के मामले सामने आए। जांच में घरेलू कनेक्शनों के अलावा कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने वाली बिरयानी की दुकान, परचून की दुकान और अन्य भवनों के मामले भी सामने आए।
कार्रवाई के बाद ऊर्जा निगम की सात टीमों ने संबंधित मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए शिकायतें तैयार कीं। सोमवार शाम को ही सभी टीमों ने बनभूलपुरा कोतवाली में तहरीर सौंप दी थी। हालांकि, मंगलवार रात तक मामलों में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी। पुलिस शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि 120 में से 78 लोगों का डाटा तैयार कर लिया गया है। शेष लोगों का डाटा भी जल्द तैयार कर लिया जाएगा। वहीं, बनभूलपुरा कोतवाल डीएस फर्त्याल के अनुसार, पुलिस शिकायतों की जांच कर रही है। परीक्षण पूरा होने के बाद नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
बिजली चोरी रोकने के लिए 380 किलोमीटर आर्मर्ड केबल -
बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए ऊर्जा निगम अब बिजली लाइनों को सुरक्षित बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से 380 किलोमीटर क्षेत्र में आर्मर्ड केबल बिछाई जानी है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 80 किलोमीटर केबल बिछाई जा चुकी है, जबकि शेष 300 किलोमीटर में काम कराया जाना है।
यह काम लाइन नंबर एक से 18 तक के क्षेत्रों के अलावा नई बस्ती, उजाला नगर और इंदिरा नगर में भी किया जाएगा। ऊर्जा निगम का मानना है कि आर्मर्ड केबल बिछने से बिजली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
मार्च तक 15 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य -
ऊर्जा निगम के शहरी क्षेत्र में करीब आठ करोड़ रुपये का बकाया बताया गया है। वहीं, घरेलू, व्यावसायिक और सरकारी विभागों सहित विभिन्न उपभोक्ताओं से मार्च तक कुल 15 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, बनभूलपुरा में बिजली चोरी के मामलों में संबंधित लोगों को नोटिस भेजकर जुर्माने की वसूली की जाएगी।
पिछले साल 67 लोगों पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी -
बनभूलपुरा में बिजली चोरी के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार, जुलाई 2025 में क्षेत्र के 67 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस बार की कार्रवाई में 120 लोग बिजली चोरी करते मिले हैं। ऊर्जा निगम अब क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, आर्मर्ड केबल बिछाने और बकाया वसूली के जरिए बिजली चोरी पर अंकुश लगाने की तैयारी कर रहा है।


