हल्द्वानी - पनचक्की दुर्घटना के बाद बड़ी कार्रवाई, एसएसपी मंजुनाथ TC ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर को किया लाइन हाजिर
हल्द्वानी - पनचक्की क्षेत्र में हुई बुजुर्ग के साथ ट्रक से हुई दुर्घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक इंस्पेक्टर हल्द्वानी महेश चंद्रा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। बताया गया है कि यातायात व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने और ट्रैफिक प्लान के अनुरूप व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में विफल रहने पर यह कदम उठाया गया। साथ ही भारी वाहनों की ‘नो एंट्री’ व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू न करने को भी गंभीरता से लिया गया है।
एसएसपी ने पूरे मामले की जांच हल्द्वानी पुलिस के माध्यम से एसपी सिटी हल्द्वानी को सौंप दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को और अधिक सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
