लालकुआं - मोटरसाइकिल सवारों को बचाते हुए कार गौवंश से टकराकर खाई में गिरी, महिला और युवक गंभीर घायल
Lalkuon News - लालकुआं में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कालाढूंगी से किच्छा की ओर जा रही कार UK04 L 6644 डिपो नंबर चार के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार एक महिला और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवारों को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान कार का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क पर अचानक आए गोवंश से टकराकर खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी तेज थी कि गोवंश भी कार के साथ खाई में जा गिरा।
हादसा होते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को गंभीर हालत में हल्द्वानी अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर अचानक गोवंश आ जाने से दुर्घटना की गंभीरता और बढ़ गई। फिलहाल पुलिस मौके का मुआयना कर मामले की जांच कर रही है।
