Kumaon Weather - पहाड़ों पर बारिश के बाद आफत, कुमाऊं की 152 सड़कें बंद, हल्द्वानी-अल्मोड़ा हाईवे ठप, यहां हुई बर्फबारी 

 | 
Kumaon Weather - पहाड़ों पर बारिश के बाद आफत, कुमाऊं की 152 सड़कें बंद, हल्द्वानी-अल्मोड़ा हाईवे ठप, यहां हुई बर्फबारी 

Kumaon Weather - प्रदेश में दो दिन से हो रही मूसलधार बारिश ने कुमाऊं क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पहाड़ी क्षेत्रों में मलबा गिरने से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जबकि मैदानी इलाकों में उफनती नदियां लोगों के लिए संकट बन गई हैं।

52 सड़कें बंद, यातायात ठप - 
कुमाऊं क्षेत्र में 152 से अधिक सड़कें भूस्खलन और मलबा गिरने के कारण पूरी तरह बंद हो गई हैं। हल्द्वानी-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी अब तक यातायात बहाल नहीं हो सका है। कई संपर्क मार्ग बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों का जिला मुख्यालयों से संपर्क टूट गया है।

शारदा नदी का रौद्र रूप -
बनबसा में शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी बहने के कारण बैराज पर दो दिन से चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप है। जब तक जलस्तर कम नहीं होगा, आवाजाही बहाल नहीं की जा सकेगी।

नैनीताल में टूटा आठ साल का रिकॉर्ड - 
जनवरी से अब तक 2000 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे नैनीताल ने आठ वर्षों का वर्षा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 2017 में 3045 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। लगातार बारिश से जिले के कई हिस्सों में जलभराव, भूस्खलन और मार्ग अवरोध की स्थिति बनी हुई है।

हल्द्वानी में गौला नदी उफान पर - 
हल्द्वानी की गौला नदी में तेज बहाव देखा गया, जिससे नदी पुल के नीचे बने चेकडैम बह गए हैं। प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

पिथौरागढ़ की चोटियों पर सीजन का पहला हिमपात - 
पिथौरागढ़ जिले की ऊंची चोटियों—व्यास, दारमा और मल्ला जोहार—में मौसम का पहला हिमपात दर्ज किया गया है। तापमान में भारी गिरावट के चलते जहां चार दिन पहले 28 डिग्री सेल्सियस तापमान था, वहीं अब यह गिरकर 21 डिग्री रह गया है।

WhatsApp Group Join Now