Kumaon Crime - दूध के पैसे गुम होने पर मां ने लगाई डांट तो किशोर ने लगा ली फांसी, गांव में मातम
पिथौरागढ़ - जिला मुख्यालय के समीपवर्ती मैथाना गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। मात्र 15 वर्षीय किशोर ने रविवार सुबह मां के दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोर की मां दूध बेचती थीं। रविवार सुबह एक खरीददार ने दूध की पेमेंट दी थी, लेकिन बताया जा रहा है कि वह रकम बच्चे से कहीं खो गई या खर्च हो गई। इस बात पर परिजनों ने उसे डांट दिया। परिजनों की डांट से आहत होकर बच्चे ने कमरे में जाकर मां के दुपट्टे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक कमलेश जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का पाया गया है। वहीं, सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतक एक निजी स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र था। परिवार में माता-पिता और दो भाई-बहन हैं। घटना से पूरे परिवार और गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
