Kumaon Crime - CBSE की 12वीं क्लास में फेल होने पर छात्र ने लगाई फांसी, पूर्व चेयरमैन के इकलौते बेटे की मौत से मातम

 | 
Kumaon Crime - CBSE की 12वीं क्लास में फेल होने पर छात्र ने लगाई फांसी, पूर्व चेयरमैन के इकलौते बेटे की मौत से मातम

Kumaon Crime - केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की इंटरमीडिएट परीक्षा में अनुत्तीर्ण होने से आहत 18 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक द्रोण चौधरी पूर्व पालिकाध्यक्ष अरविंद कुमार चौधरी का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। देर शाम तक घर पर पुलिस और आसपास के लोगों की भीड़ लगी रही। जानकारी के अनुसार महुवाखेड़ागंज निवासी द्रोण चौधरी काशीपुर के हेरीटेज स्कूल में 12वीं का छात्र था। बुधवार दोपहर सीबीएसई परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उसने वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देखा, जिसमें वह अनुत्तीर्ण पाया गया। रिजल्ट से निराश होकर द्रोण ने घर परिसर में बने बाथरूम में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि घटना के समय उसकी मां सीमा चौधरी घर के कमरे में सो रही थीं। कुछ देर बाद जब वह बाथरूम की ओर गईं तो बेटे को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन द्रोण को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बाजार गए पिता अरविंद कुमार चौधरी भी अस्पताल पहुंचे। सूचना पर सीओ प्रकांत कुमार, आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर और पैगा चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

मृतक की बड़ी बहन दिल्ली में पढ़ाई कर रही है। पुलिस ने बताया कि परिवार पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं था, हालांकि उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल परिवार की ओर से पढ़ाई के दबाव या अन्य मानसिक तनाव को लेकर कोई बयान नहीं दिया गया है।

WhatsApp Group Join Now