Kumaon Crime - रुद्रपुर में संदिग्ध हालात में कारोबारी को लगी गोली, मचा हड़कंप, खून से लथपथ हालत में एम्स रेफर
Uttarakhad Crime - रुद्रपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में एक कारोबारी को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश (एम्स) रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय ध्रुव चावला पुत्र स्व. अनिल चावला सिविल लाइन में ‘शू विला’ नाम से जूतों की दुकान अपने पार्टनर हरजिंदर के साथ संचालित करता है। बताया गया कि गुरुवार रात करीब 9:30 बजे ध्रुव ने अपनी मां से फोन पर बात की और जल्द घर पहुंचने की बात कही थी। रात करीब 10:30 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने हरजिंदर को दुकान पर भेजा। दुकान के अंदर ध्रुव खून से लथपथ और बेसुध हालत में मिला। उसकी कनपटी में गोली लगी हुई थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल बरामद कर उसे कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस गोली लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे, जिससे संदेह और गहरा गया है। पुलिस सभी पहलुओं—आत्महत्या, हादसा या आपराधिक वारदात—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
