Kumaon Crime - यहां कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर पांच लाख रुपये वसूलने का आरोप, दो महिलाओं समेत चार पर केस

 | 
Kumaon Crime - यहां कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर पांच लाख रुपये वसूलने का आरोप, दो महिलाओं समेत चार पर केस

Kumaon Crime - उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में एक पेंट कारोबारी को कथित हनीट्रैप में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाने, तमंचा दिखाकर धमकाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के रेहड़ थाना क्षेत्र निवासी पेंट दुकानदार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जून को पिंकी उर्फ परमजीत कौर अपने कुछ साथियों के साथ उसकी दुकान पर आई थी। पेंट खरीदने के बहाने उसने कारोबारी का मोबाइल नंबर लिया और बातचीत शुरू की। आरोप है कि बाद में एक अन्य महिला रविंदर कौर के माध्यम से उसे 22 जून को कुंडेश्वरी बुलाया गया। पीड़ित के अनुसार, वहां उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया गया। होश आने पर आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसी दौरान दो पुरुष और एक महिला के वहां पहुंचने का भी आरोप है। पीड़ित का कहना है कि उसके साथ मारपीट की गई और एक आरोपी ने कनपटी पर तमंचा लगाकर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोपियों ने कथित तौर पर वीडियो सार्वजनिक न करने के एवज में दस लाख रुपये की मांग की।

 

वीडियो वायरल होने के डर से कारोबारी ने ऑनलाइन चार बार 25-25 हजार रुपये दिए। इसके बाद 23 जून को कुंडा मोड़ के पास चार लाख रुपये और देने का आरोप है। पीड़ित के मुताबिक, कुल पांच लाख रुपये देने के बावजूद आरोपी लगातार फोन कर और रकम की मांग करते रहे। कारोबारी ने पुलिस को रुपये के लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

WhatsApp Group Join Now