Kumaon Crime - प्रेमी युवक से शादी की जिद पर अड़ी चार बच्चों की मां, पेट्रोल लेकर पहुंची कोतवाली, मचा हंगामा
Udham Singh Nagar Crime News - उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चार बच्चों की मां ने अपने कथित प्रेमी द्वारा शादी से इंकार किए जाने के बाद कोतवाली पहुंचकर आत्मदाह की कोशिश की। मिली जानकारी के अनुसार, केशवनगर मोहल्ले की रहने वाली महिला का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध था। महिला का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब यह मामला सामने आया तो उसके वैवाहिक जीवन में तनाव बढ़ गया और अंततः उसने अपने पति से तलाक ले लिया।
महिला का कहना है कि तलाक के बाद युवक ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया, जिससे वह बेघर हो गई। गुरुवार को वह दो बोतलों में पेट्रोल लेकर कोतवाली पहुंची और आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया और हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार, महिला से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। एसएसआई विक्रम सिंह धामी ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, महिला आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहती बल्कि उसके साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है।
स्थानीय पूर्व प्रधान लियाकत अली ने बताया कि पंचायत स्तर पर दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश की जा रही है। महिला के चारों बच्चे फिलहाल उसके पूर्व पति के पास हैं।
