हल्द्वानी विधानसभा सीट से कौस्तुभानन्द जोशी ने पेश की दावेदारी, शहर के विकास को लेकर जान रहे लोगों की राय
हल्द्वानी - उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। हल्द्वानी विधानसभा सीट पर भी भाजपा के भीतर दावेदारों के नाम सामने आने लगे हैं। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुबानन्द जोशी ने हल्द्वानी विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश की है।
कौस्तुबानन्द जोशी इन दिनों ‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। इस अभियान के तहत वह स्थानीय लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और शहर के विकास, बुनियादी सुविधाओं तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर उनकी अपेक्षाएं और सुझाव जान रहे हैं।
जोशी ने बताया कि उन्होंने हल्द्वानी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा पार्टी संगठन के समक्ष रख दी है। इसके साथ ही इस संबंध में प्रभारी मंत्री को भी अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले वह नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए भी अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं, हालांकि उस समय पार्टी की परिस्थितियां उनके अनुकूल नहीं रहीं।
कौस्तुबानन्द जोशी ने कहा कि यदि पार्टी संगठन उन्हें विधानसभा चुनाव में अवसर देता है तो वह हल्द्वानी को एक नए और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उनका कहना है कि ‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर शहर के विकास की दिशा में बेहतर प्रयास करना है।
भाजपा के भीतर हल्द्वानी सीट को लेकर शुरू हुई दावेदारी के बीच कौस्तुबानन्द जोशी की सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


