Kailash Mansarovar Yatra - कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने पहले जत्थे को दिखाई हरी झंडी
चंपावत - बहुप्रतीक्षित कैलाश मानसरोवर यात्रा का रविवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के टनकपुर पर्यटन आवास गृह (टीआरसी) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में यात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रियों से संवाद करते हुए उनकी मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर की यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव के दर्शन के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशेषताओं का अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने यात्रियों से सीमांत क्षेत्र धारचूला में स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर वहां के कारीगरों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना सीमांत क्षेत्रों के विकास और स्वरोजगार को मजबूती प्रदान करेगा। यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर प्रशासन और पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
