हल्द्वानी - SDM की तैनाती न होने से न्यायिक कार्य ठप, पार्षद का धरना, विधायक सुमित हृदयेश भी बैठे 

 | 
हल्द्वानी - SDM की तैनाती न होने से न्यायिक कार्य ठप, पार्षद का धरना, विधायक सुमित हृदयेश भी बैठे

हल्द्वानी - एसडीएम राहुल शाह के तबादले के कई दिन बीत जाने के बावजूद हल्द्वानी में नए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की तैनाती नहीं हो सकी है। इसके चलते एसडीएम कार्यालय का न्यायिक कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


एसडीएम कोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई नहीं हो पा रही है। धारा 143 और 229-बी से संबंधित प्रकरणों के साथ-साथ विवाह पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी पूरी तरह ठप पड़े हुए हैं। न्यायिक कार्य बाधित होने से वादकारियों और आम नागरिकों को बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।


इन्हीं समस्याओं को लेकर नगर निगम के पार्षद रवि जोशी ने एसडीएम कोर्ट परिसर में प्रशासन के खिलाफ धरना दिया। धरने को समर्थन देने के लिए हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी मौके पर पहुंचे। 

इस दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल से फोन पर वार्ता कर जल्द से जल्द नए एसडीएम की तैनाती की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि एसडीएम की नियुक्ति शासन स्तर से होनी है, लेकिन नियुक्ति में हो रही देरी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए एसडीएम जैसे महत्वपूर्ण पद पर शीघ्र नियुक्ति आवश्यक है, ताकि न्यायिक और प्रशासनिक कार्य सामान्य रूप से संचालित हो सकें।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जल्द ही हल्द्वानी में नए एसडीएम की तैनाती किए जाने की संभावना है। इससे न्यायिक मामलों के निस्तारण और प्रशासनिक कार्यों में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

WhatsApp Group Join Now