हल्द्वानी में दूषित पानी से पीलिया फैलने की आशंका, छात्रा की मौत, दो बच्चे भी बीमार

 | 
हल्द्वानी - बेटे को पूछतांछ के लिए हिरासत में ले गई पुलिस, छोड़ने की गुहार लगाकर थाने पहुंची मां ने सदमे में तोड़ा दम  डेथ Death

हल्द्वानी - नवाबी रोड स्थित वार्ड नौ की दुर्गा कॉलोनी में पीलिया से बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा सुहानी पंत की मौत के बाद हड़कंप मच गया। बरेली के अस्पताल में उपचार के दौरान छात्रा की मौत हुई। वहीं, कॉलोनी में दो अन्य बच्चों के भी पीलिया से पीड़ित होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी में करीब एक महीने से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। हालांकि, पानी के दूषित होने और बीमारी के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

 

छात्रा की मौत और अन्य बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही गुरुवार को जल संस्थान और स्वास्थ्य विभाग की टीमें कॉलोनी पहुंचीं। जल संस्थान ने पेयजल के नमूने लेकर आपूर्ति रोक दी, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर लोगों की जांच की।

 

बरेली के अस्पताल में तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से गंगोलीहाट निवासी सुहानी पंत दुर्गा कॉलोनी में अपनी बुआ के साथ रहती थीं। वह महिला महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं। कुछ दिन पहले उनकी तबीयत बिगड़ने पर निजी लैब में जांच कराई गई, जिसमें पीलिया की पुष्टि हुई। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां तीन दिन वेंटिलेटर पर रहने के बाद उनकी मौत हो गई।

सुहानी की बुआ की जेठानी खष्टी जोशी ने बताया कि उनके घर में लंबे समय से गंदा पानी आ रहा था। उनका आरोप है कि इसी वजह से सुहानी बीमार पड़ीं। परिजन शव लेकर गंगोलीहाट रवाना हो गए हैं।

दो अन्य बच्चे भी पीलिया की चपेट में-

कॉलोनी में दो अन्य बच्चों के भी पीलिया से पीड़ित होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय निवासी राजेश कटारिया का बेटा बेस अस्पताल में उपचार के बाद डिस्चार्ज हो चुका है। वहीं, आशीष रौतेला को अपने बेटे का उपचार कराने के लिए दिल्ली जाना पड़ा।

लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली, सहायक अभियंता रविंद्र कुमार और कनिष्ठ अभियंता दीपक शर्मा समेत विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर पेयजल के नमूने लिए। एहतियातन कॉलोनी की पेयजल आपूर्ति रोक दी गई।

31 लोगों की जांच, तीन नमूने विस्तृत परीक्षण को भेजे-

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, हल्द्वानी ब्लॉक डॉ. ममता सिंह के नेतृत्व में कॉलोनी में घर-घर सर्वेक्षण किया। एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की मदद से कुल 31 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

टीम ने पेयजल के नमूने लेकर क्लोरीनेशन की भी जांच की। विभाग के अनुसार, मौके पर जांचे गए सभी नमूने सही पाए गए। हालांकि, तीन नमूने विस्तृत जांच के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजे गए हैं।

अब विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पेयजल की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, छात्रा की मौत और अन्य बच्चों के बीमार पड़ने के बाद कॉलोनी के लोग पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता को लेकर चिंतित हैं।

WhatsApp Group Join Now