उत्तराखंड - रुद्रपुर में दोस्त ही बना हत्यारा, लूडो खेलने को लेकर विवाद में ईंट से हमला, युवक की मौत
रुद्रपुर - ईदगाह मैदान में दोस्तों के साथ लूडो खेल रहे युवक को एक साथी को खेल में शामिल न करना भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने युवक के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद खेड़ा क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
लूडो खेलने को लेकर हुआ विवाद -
वार्ड नंबर 18 खेड़ा निवासी 27 वर्षीय शाहनवाज बुधवार रात खाना खाने के बाद ईदगाह मैदान पहुंचा था। वहां वह अपने दोस्तों के साथ लूडो खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का गोलू वहां पहुंचा और लूडो खेलने की बात कही। शाहनवाज ने उम्र में छोटा बताते हुए उसे खेल में शामिल करने से मना कर दिया।
आरोप है कि कुछ देर बाद गोलू पीछे से आया और ईंट से शाहनवाज के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में शाहनवाज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
आईसीयू में चल रहा था इलाज -
परिजन घायल शाहनवाज को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण उसे निजी अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया। गुरुवार रात उसकी हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या की प्राथमिकी, आरोपी की तलाश -
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी विभव सैनी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ के अनुसार, फरमान की तहरीर पर गोलू के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
क्षेत्र में तनाव का माहौल -
युवक की मौत की सूचना के बाद खेड़ा क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति पर नजर रखते हुए क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
