हल्द्वानी - दर्दनाक घटना, 24 वर्षीय युवती ने फंदे से लटककर दी जान, दोस्त को भेजे व्हाट्सएप मैसेज ने बढ़ाया रहस्य
हल्द्वानी - काठगोदाम थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके से एक बेहद दुखद और रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहां 24 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान दिव्या आर्या (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपनी मां और तीन बहनों के साथ रहती थी। वह एमबीजी कॉलेज में ग्रेजुएशन फाइनल ईयर की छात्रा थी। करीब एक वर्ष पहले पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसकी मां पर आ गई थी, जो घरों में काम करके परिवार का पालन-पोषण कर रही है।
बताया जा रहा है कि रविवार रात दिव्या ने परिवार के साथ सामान्य रूप से भोजन किया और अपने कमरे में चली गई। इसी दौरान उसने अपने एक युवक मित्र को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर अपने मोबाइल का पिन कोड साझा किया। यह संदेश युवक को असामान्य लगा, जिससे उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई।
घबराए युवक ने बार-बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद वह तुरंत दिव्या के घर पहुंचा, जहां पता चला कि वह कमरे में फंदे से लटकी हुई है। परिजन उसे तुरंत हल्द्वानी बेस अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसआई कुमकुम धनिक के अनुसार, मोबाइल की चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
