उत्तराखंड - भीषण अग्निकांड में चार परिवारों की नौ झोपड़ियां जलकर राख, टीवी, फ्रिज, कपड़े और जरूरी दस्तावेज भी जले

 | 
उत्तराखंड - भीषण अग्निकांड में चार परिवारों की नौ झोपड़ियां जलकर राख, टीवी, फ्रिज, कपड़े और जरूरी दस्तावेज भी जले

उधम सिंह नगर - जनपद में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन हो रहे अग्निकांड में लोगों की वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी तबाह हो रही है। ताजा मामला बाजपुर क्षेत्र के ग्राम जोगीपुरा का है, जहां गुरुद्वारा साहिब के सामने अचानक लगी भीषण आग ने चार परिवारों की नौ झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवारों को अपना सामान तक बचाने का मौका नहीं मिला। हादसे में लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, जोगीपुरा में चार परिवारों की करीब नौ झोपड़ियां बनी हुई थीं। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवारों के अधिकांश सदस्य मजदूरी करने के लिए घरों से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से एक झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर गुरुद्वारा साहिब में मौजूद लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए झोपड़ियों के अंदर मौजूद विमला और लक्ष्मी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों के सहयोग से अग्निशमन कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक चारों परिवारों की नौ झोपड़ियां और उनमें रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

अग्निकांड में झोपड़ियों के अंदर रखे टीवी, फ्रिज, कूलर, कपड़े, बिस्तर, जरूरी दस्तावेज, रसोई का सामान और अन्य घरेलू वस्तुएं जल गईं। यहां तक कि रसोई गैस सिलिंडर भी आग की चपेट में आ गए। पीड़ित परिवारों के मुताबिक, उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपनी गृहस्थी तैयार की थी, जो कुछ ही देर में तबाह हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, अग्निकांड में करीब 10 से 15 लाख रुपये तक का नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जाना बाकी है।

अग्निशमन अधिकारी चंदन ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था। ग्रामीणों की मदद से अग्निशमन कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन घरेलू सामान का काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय स्तर पर करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। आग में सब कुछ गंवाने के बाद उनके सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। जिन परिवारों के पास कभी अपना आशियाना था, वे अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता, रहने की व्यवस्था और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।

WhatsApp Group Join Now