हल्द्वानी - खाना बनाते-बनाते भाई से झगड़ा, गुस्से में 20 साल की बहन ने गौला पुल से लगाई छलांग, ऐसे बची जान
हल्द्वानी - भाई से मामूली कहासुनी के बाद गुस्से में एक 20 वर्षीय युवती ने बुधवार रात चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ और तत्परता से उसकी जान बच गई। गंभीर हालत में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार युवती मूल रूप से ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र की रहने वाली है। उसका परिवार हाल ही में बनभूलपुरा के इंदिरानगर छोटी रोड स्थित किराए के मकान में रहने आया था।
बताया गया कि बुधवार शाम युवती घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी अपने भाई से कहासुनी हो गई। भाई की बात युवती को इतनी नागवार गुजरी कि वह गुस्से में घर से निकल गई। परिजनों ने भाई-बहन के विवाद को सामान्य समझकर अधिक ध्यान नहीं दिया, लेकिन युवती सीधे चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल पहुंच गई।
रात करीब आठ बजे उसने पुल से गौला नदी में छलांग लगा दी। पुल पर मौजूद लोगों ने जैसे ही युवती को नदी में गिरते देखा, शोर मचा दिया और तुरंत नदी की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर बनभूलपुरा कोतवाली के एसआई गगनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजनों ने पूछताछ में भाई-बहन के बीच मामूली कहासुनी होने की जानकारी दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
