हल्द्वानी - विदेशी कंपनी की आकर्षक पैकेज वाली नौकरी छोड़ लेफ्टिनेंट बने हिमांशु, पिता भी दे चुके हैं फौज में सेवाएं 

 | 
हल्द्वानी - विदेशी कंपनी की आकर्षक पैकेज वाली नौकरी छोड़ लेफ्टिनेंट बने हिमांशु, पिता भी दे चुके हैं सेना में सेवाएं 

हल्द्वानी - हल्दूचौड़ के दुर्गापालपुर परमा निवासी गोपाल दत्त मिश्रा और विमला मिश्रा के पुत्र हिमांशु मिश्रा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

बचपन से ही मेधावी रहे हिमांशु मिश्रा ने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी वाराणसी से स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद हिमांशु ने विदेशी कंपनी में आकर्षक पैकेज पर नौकरी भी की, लेकिन देशसेवा और सेना में अधिकारी बनने के अपने बचपन के सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी।

कड़ी मेहनत और लगन के बाद हिमांशु का चयन भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में हुआ। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन मिला। उनकी सफलता को परिवार की सैन्य पृष्ठभूमि से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हिमांशु के पिता गोपाल दत्त मिश्रा 17 कुमाऊं रेजिमेंट में हवलदार के पद पर सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता विमला मिश्रा गृहिणी हैं।

हिमांशु की उपलब्धि पर विधायक डा. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला, कमलेश चंदोला, हेमवतीनंदन दुर्गापाल, ग्राम प्रधान सुरेंद्र मलवाल सहित क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई। उन्होंने हिमांशु को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की।

WhatsApp Group Join Now