हल्द्वानी - सास–बहू का विवाद थाने पहुँचा, बुजुर्ग महिला ने जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप, बहू पर मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी - मुखानी क्षेत्र में सास–बहू का पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया। 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने मामले में बहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
8 साल से अलग रह रही सास -
कालाढूंगी रोड निवासी पीड़ित बुजुर्ग महिला ने शिकायत में बताया कि उसकी बहू अक्सर उसे धमकाती है और झूठे आरोप लगाकर फंसाने की बात कहती रहती है। इसी तनाव के कारण वह पिछले आठ वर्षों से अपने ही भतीजे के कमरे में रहने को मजबूर हैं, जबकि उनकी बहू दोमंजिले मकान में अकेले रहती है।
झूठी रिपोर्ट का भी लगाया आरोप -
बुजुर्ग महिला ने बताया कि 8 जुलाई को बहू ने उनके खिलाफ थाने में झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने स्वयं 14 जुलाई को मुखानी थाने में मारपीट और जान से मारने की धमकी की शिकायत दी थी। महिला ने आरोप लगाया कि 7 नवंबर को बहू रसोई में आई और चाकू हाथ में लेकर उन्हें डराने-धमकाने लगी। उन्होंने कहा कि इस घटना का वीडियो फुटेज भी उनके पास मौजूद है। मारपीट के एक अन्य मामले में बुजुर्ग महिला की दाहिने हाथ की छोटी अंगुली में चोट भी लगी है।
घटना के बाद बुजुर्ग महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से सहायता मांगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बहू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लगती, जिसके कारण उन्हें हमेशा जान का खतरा बना रहता है।
मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि सास–बहू के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। सास की तहरीर के आधार पर बहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
