हल्द्वानी - नैनीताल पुलिस ने खोया अपना जांबाज सिपाही, महकमे में दौड़ी शोक की लहर, SSP ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

 | 
हल्द्वानी - नैनीताल पुलिस ने खोया अपना जांबाज सिपाही, महकमे में दौड़ी शोक की लहर, SSP ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

हल्द्वानी - जनपद नैनीताल पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में तैनात मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का ड्यूटी के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। ब्रेन हैमरेज के कारण हुए उनके आकस्मिक निधन से नैनीताल पुलिस सहित पूरे उत्तराखंड पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. मोर्चरी हल्द्वानी पहुंचे और दिवंगत पुलिसकर्मी को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा विभाग की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। एसएसपी ने कहा कि इस कठिन समय में पुलिस विभाग परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और सभी विभागीय देयकों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। इस दौरान अंतिम संस्कार के लिए तात्कालिक सहायता राशि भी प्रदान की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिवंगत मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बाजपुर ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें पुलिस सम्मान के तहत गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

35 वर्षों की गौरवशाली सेवा - 
मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद ने लगभग 35 वर्षों तक पुलिस विभाग में निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दीं। उनका जन्म 5 जनवरी 1972 को ग्राम लंकुरा, थाना बाजपुर, पोस्ट केलाखेड़ा (जनपद ऊधमसिंह नगर) में हुआ था। वर्ष 1991 में पुलिस विभाग में भर्ती होने के बाद उन्होंने 09 पीएसी मुरादाबाद, 31 पीएसी रुद्रपुर, अल्मोड़ा तथा नैनीताल में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्ष 2008 से वह नैनीताल पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में कार्यरत थे। नैनीताल पुलिस ने अपने इस कर्तव्यनिष्ठ और जांबाज साथी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा।

WhatsApp Group Join Now