हल्द्वानी - वर्ल्ड फोटोग्राफी डे पर स्कूली बच्चे बने फोटो पत्रकार, पूर्व राज्यपाल कोश्यारी ने बताया सकारात्मक फोटो ही विकास में बनेगा सहायक 
 

 | 
हल्द्वानी - वर्ल्ड फोटोग्राफी डे पर स्कूली बच्चे बने फोटो पत्रकार, पूर्व राज्यपाल कोश्यारी ने बताया सकारात्मक फोटो ही विकास में बनेगा सहायक 

 

हल्द्वानी - विश्व फोटोग्राफी दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की ओर से बुधवार को इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल में फोटो प्रदर्शनी एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने कैमरे के जरिए अपनी नजर से समाज, प्रकृति और विरासत को तस्वीरों में उतारा। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के उत्तराखंड प्रभारी अंकित दास, अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफर हिमांशु जोशी, आर्किटेक्ट रक्षित पांडे, इंस्पिरेशन स्कूल के संचालक दीपक बल्यूटिया और पत्रकार यूनियन के प्रदेश महामंत्री प्रयाग पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में आर्किटेक्ट रक्षित पांडे ने बच्चों को फोटोग्राफी के माध्यम से हेरिटेज और भावनाओं को जोड़ने की तकनीक के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नई फोटोग्राफी शैली में पुरानी विरासत और भावनाओं के महत्व को समझाया। अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफर हिमांशु जोशी ने बच्चों को नेचर और हेरिटेज फोटोग्राफी के साथ-साथ सब्जेक्ट, ऑब्जेक्ट और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बेहतर तस्वीर लेने के लिए जरूरी टिप्स भी दिए। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के उत्तराखंड प्रभारी अंकित दास ने कहा कि फोटोग्राफी चुनौतीपूर्ण कार्य है। फोटोग्राफर की आंख जो देखती है, कैमरा उसी क्षण को कैद करता है। इसके लिए सतर्कता और सजगता जरूरी है। उन्होंने बच्चों को फोटो जर्नलिस्टों से प्रेरणा लेने की सलाह दी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने सभी फोटो पत्रकारों और फोटोग्राफरों को विश्व फोटोग्राफी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तस्वीरें जिंदगी की यादों को हमेशा संजोकर रखती हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि फोटो केवल फोटो नहीं होता, बल्कि उसके पीछे फोटोग्राफर का दृष्टिकोण और नजरिया भी होता है। एक ही तस्वीर को लेकर अलग-अलग लोगों का नजरिया अलग हो सकता है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक नजरिया अपनाते हुए राज्य की प्रगति और खुशहाली की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी फोटो पत्रकारों और फोटोग्राफरों को शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद अतिथियों ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। पत्रकार यूनियन के प्रदेश महामंत्री प्रयाग पांडे ने फोटो पत्रकारिता के इतिहास और उसके महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान फोटो जर्नलिस्ट राजेंद्र सिंह बिष्ट, दीप बिष्ट बाबा, संजय कुमार, चंद्र प्रकाश, समायरा शाह, मोहम्मद खालिद खान और अजय कुमार को प्रतीक चिह्न एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में निर्मित आसवानी प्रथम - 
फोटो प्रतियोगिता के परिणाम में दीक्षांत स्कूल के निर्मित आसवानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इंस्पिरेशन स्कूल की जोहा कुरैशी दूसरे और कार्तिक भान तीसरे स्थान पर रहे। प्रथम पुरस्कार के रूप में पांच हजार, द्वितीय को 2500 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1500 रुपये की नगद राशि एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

सांत्वना पुरस्कार पाने वालों में ओरम स्कूल के रुद्रांश पिंचा और रिदा शहजाद, गलगोटिया यूनिवर्सिटी की आदिश्री माथुर, ग्राफिक एरा की भूमिका रावत एवं अपूर्व कमल, दीक्षांत स्कूल के यथार्थ मित्तल, वैष्णवी पटवाल, खुशवंत मिश्रा, श्रव्या वर्मा और मृदुल जोशी शामिल रहे। सभी को 500-500 रुपये और प्रमाणपत्र दिए गए।

प्रतियोगिता के निर्णायक अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफर हिमांशु जोशी एवं सुधीर कुमार रहे। कार्यक्रम में पाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक निर्भय पाल, कृष्ण आईएएस अकादमी के निदेशक विनोद तिवारी, सपा प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. विपिन चंद्रा, अरविंद मलिक, गिरीश जोशी, संजय प्रसाद, सौरभ बजाज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


 

WhatsApp Group Join Now