हल्द्वानी - निर्माणाधीन भवन में करंट आने से मजदूर झुलसा, पड़ोसी मकान मीटर सहित सभी उपकरण फुंके
 

 | 
हल्द्वानी - निर्माणाधीन भवन में करंट आने से मजदूर झुलसा, पड़ोसी मकान मीटर सहित सभी उपकरण फुंके

हल्द्वानी - सीएमटी कॉलोनी क्षेत्र में गुरुवार को निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे एक मजदूर को करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के दौरान करंट पास के एक मकान में भी फैल गया, जिससे घर की वायरिंग, बिजली मीटर और कई विद्युत उपकरण जलकर खराब हो गए। गनीमत रही कि घर में मौजूद लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि भवन स्वामी के हाथ में हल्की चोट आई है। झुलसे मजदूर को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

प्रभावित गृहस्वामी बसंत बल्लभ पाठक ने बताया कि उनके घर से सटे मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे वे अपनी दुकान पर थे, तभी घर की ओर से तेज धमाके की आवाज आई। बाहर आकर देखा तो बिजली के मीटर में विस्फोट हो चुका था और उसके टुकड़े उड़ गए थे। सप्लाई लाइन भी टूटकर सड़क पर गिर गई। घर के अंदर जाकर देखा तो टीवी, फ्रिज, पंखे और बल्ब सहित अधिकांश विद्युत उपकरण जल चुके थे।

दूसरी ओर, पड़ोसी भवन में काम कर रहे मजदूर के करंट से झुलसने की जानकारी मिली। प्रारंभिक जांच में हादसे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन बताया जा रहा है कि ड्रिल मशीन से दीवार में छेद करते समय मशीन दूसरी ओर निकल गई और पास के मकान की किचन खिड़की की जाली से टकरा गई। आशंका है कि इसी दौरान अर्थिंग होने से करंट फैल गया और हादसा हो गया।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठाए हैं। उधर, ऊर्जा निगम ने मामले में जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है। मामले की जांच की मांग की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

WhatsApp Group Join Now