हल्द्वानी - सोशल साइट पर खूबसूरत लड़की से दोस्ती पड़ी महंगी, शादी का झांसा देकर व्यापारी से 14 लाख की ठगी

 | 
हल्द्वानी - सोशल साइट पर खूबसूरत लड़की से दोस्ती पड़ी महंगी, शादी का झांसा देकर व्यापारी से 14 लाख की ठगी

हल्द्वानी - सोशल मीडिया पर प्रेम और पैसा – जब दोनों मिल जाएं तो धोखा होना तय है। हल्द्वानी के एक प्रतिष्ठित व्यापारी को टिंडर पर एक महिला से दोस्ती करना इतना महंगा पड़ा कि उसने अपनी जिंदगी भर की कमाई में से 14 लाख रुपये गवां दिए। अब पुलिस के चक्कर काट रहा है।

ऐसे फंसा कारोबारी जाल में - 
हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक व्यापारी ने टिंडर (Tinder) पर ‘रिचा’ नाम की एक महिला से दोस्ती की। खूबसूरत तस्वीरें और मीठी बातें – कुछ ही समय में महिला ने कारोबारी का दिल जीत लिया और शादी का प्रस्ताव दे डाला। लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई। महिला ने खुद को एक पेशेवर ट्रेडर बताया और कहा कि वह रोज लाखों रुपये कमाती है। उसने कारोबारी से कहा कि यदि वह भी उसके साथ ट्रेडिंग करेगा तभी शादी संभव है।

ट्रेडिंग का झांसा, एक करोड़ कमाने का सपना - 
‘रिचा’ ने कारोबारी को बड़े सपने दिखाए – 3 महीने में 1 करोड़ रुपये कमाने का वादा। उसने व्हाट्सएप पर एक फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजा और उस पर ID बनवाकर ट्रेडिंग शुरू कराई। पहली बार में कारोबारी ने 25 हजार रुपये लगाए और 17 डॉलर का मुनाफा दिखाया गया – बस फिर क्या था, भरोसा जम गया। इसके बाद महिला ने अलग-अलग बहानों से कारोबारी से एक लाख, फिर दो लाख, और धीरे-धीरे करके कुल 14 लाख रुपये निवेश करवा दिए।

पैसा निकालने पर टैक्स का झांसा - 
जब कारोबारी ने अपनी रकम वापस मांगनी चाही तो उससे 30% टैक्स मांगा गया। उसने किसी तरह और पैसे जुटाकर टैक्स भरने की कोशिश की, लेकिन फिर 20% और टैक्स की मांग सामने आ गई। यहीं कारोबारी को ठगी का शक हुआ और वह सीधे साइबर थाना पहुंच गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू - 
साइबर पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ‘रिचा’ समेत पूरी गैंग विदेश या देश के किसी बड़े शहर से ऑपरेट कर रही हो सकती है।

पुलिस की अपील – सतर्क रहें हल्द्वानी पुलिस और साइबर सेल ने आम जनता से अपील की है कि, सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति पर जल्दी भरोसा न करें। किसी भी तरह की ट्रेडिंग या निवेश से पहले अच्छे से जांच-पड़ताल करें। ठगी या साइबर अपराध की शिकायत तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर करें।


 

WhatsApp Group Join Now