हल्द्वानी - परेशानी, चार दिन से गैस सिलेंडर नहीं मिला, पिता को रहना पड़ा भूखा, बच्चों को खिलाने पड़े चाऊमीन-मोमो
हल्द्वानी - शहर में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर बुक कराने के चार दिन बाद भी उन्हें गैस नहीं मिल पाई है। वहीं होटल और रेस्तरां संचालकों को भी 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, जिससे उनके कारोबार पर असर पड़ने लगा है।
शहर निवासी रमेश सुयाल ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले घरेलू सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक गैस की डिलीवरी नहीं हुई। मंगलवार सुबह खाना बनाते समय घर की गैस खत्म हो गई। ऐसे में उन्हें बच्चों को बाहर से चाऊमीन और मोमो लाकर खिलाने पड़े। उन्होंने बताया कि इन दिनों उनकी माता जी की बरसी चल रही है, इसलिए वह बाहर का खाना भी नहीं खा सकते।
गौरतलब है कि जिले में करीब 3.60 लाख घरेलू और 8,146 व्यावसायिक गैस कनेक्शन हैं। इसके अलावा 2500 से अधिक पंजीकृत होटल और रेस्तरां में प्रतिदिन लगभग 700 व्यावसायिक सिलेंडरों की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से पर्यटन और होटल व्यवसाय पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मंगलवार को कई होटल और रेस्तरां संचालकों को 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिल पाए। उनका कहना है कि आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के वितरक व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। जिन होटलों में पहले से पार्टी या अन्य कार्यक्रमों की बुकिंग थी, वहां मजबूरी में तंदूर की संख्या बढ़ाकर काम चलाना पड़ा।
वहीं घरेलू उपभोक्ताओं ने भी शिकायत की कि इंडेन गैस का बुकिंग नंबर अस्थायी रूप से बंद आ रहा है, जिससे सिलेंडर बुक कराने में भी दिक्कत हो रही है। कई लोगों का कहना है कि बुकिंग के बाद भी चार-चार दिन तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है।
उधर प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को तहसील परिसर स्थित एनआईसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय ने बैठक की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में एलपीजी की किल्लत नहीं है और गैस कंपनियां मांग के अनुरूप आपूर्ति कर रही हैं। साथ ही गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
