हल्द्वानी - काली फिल्म हटाने पर महिला SI को कुचलने की कोशिश, ट्रांसफर और वर्दी उतरवाने की धमकी, CCTV में कैद हुई वारदात

 | 
हल्द्वानी - काली फिल्म हटाने पर महिला SI को कुचलने की कोशिश, ट्रांसफर और वर्दी उतरवाने की धमकी, CCTV में कैद हुई वारदात

हल्द्वानी - नैनीताल रोड स्थित तिकोनिया चौराहे पर रविवार रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। संदिग्ध सफारी वाहन के शीशों से काली फिल्म हटाने पर चालक ने महिला एसआई और होमगार्ड जवान को गाड़ी से कुचलने की कोशिश की। पूरी घटना पास की दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी में तैनात महिला एसआई आरती रविवार रात होमगार्ड जवान कुबेर के साथ गश्त पर थीं। रात करीब 11:30 बजे तिकोनिया चौराहे पर खड़ी एक संदिग्ध सफारी कार दिखाई दी, जिसके शीशों पर काली फिल्म लगी थी। पूछताछ करने पर चालक भड़क गया और पुलिस टीम से अभद्रता करने लगा।

पुलिस ने नियमों के तहत वाहन की काली फिल्म हटाई तो आरोपी चालक ने महिला एसआई को ट्रांसफर कराने और वर्दी उतरवाने की धमकी दी। इसके बाद जब एसआई आरती चालान मशीन लेकर लौटीं और वाहन की फोटो खींचने लगीं, तभी चालक ने अचानक तेज रफ्तार में गाड़ी बढ़ाकर एसआई और होमगार्ड जवान को कुचलने का प्रयास किया। दोनों ने पीछे हटकर किसी तरह अपनी जान बचाई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना का वीडियो पास स्थित कबाब दुकान के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान लालकुआं क्षेत्र के मोटाहल्दू निवासी युवक के रूप में की है। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला और धमकी देने सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। आरोपी ने जानबूझकर सरकारी ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की जान जोखिम में डाली है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना - 
तिकोनिया चौराहे पर पुलिस पर वाहन चढ़ाने की यह पहली घटना नहीं है। पांच दिसंबर 2025 को भोटिया पड़ाव चौकी के तत्कालीन प्रभारी अनिल कुमार पर भी वाहन चढ़ाने की कोशिश की गई थी। उस दौरान शराब के नशे में स्कॉर्पियो चला रहे चालक को रोकने पर आरोपी ने पुलिस अधिकारी को कुचलने का प्रयास किया था, जिसमें अनिल कुमार का हाथ फ्रैक्चर हो गया था।

WhatsApp Group Join Now