हल्द्वानी - तीनपानी- गौलापार फ्लाईओवर हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, DM ने एडीएम से इतने दिनों में मांगी रिपोर्ट
हल्द्वानी - गौलापार स्थित तीनपानी फ्लाईओवर पर 11 जुलाई 2026 को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। इस दुर्घटना में चार युवकों की मौत हुई थी। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बताया कि हादसे के कारणों की निष्पक्ष, स्वतंत्र और विधिसम्मत जांच सुनिश्चित करने के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय को मजिस्ट्रियल जांच अधिकारी नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच करते हुए 21 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। रिपोर्ट में हादसे के वास्तविक कारणों का उल्लेख करने के साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
