हल्द्वानी - रंगमंच समाज का आईना, सरस्वती फाउंडेशन ने बताया नई पीढ़ी को जोड़ने का सशक्त माध्यम
हल्द्वानी - सरस्वती फाउंडेशन द्वारा शुक्रवार को अपनी पहली ऐतिहासिक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें “समाज में रंगमंच का महत्व और उसका योगदान” विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक दौर में भी रंगमंच केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज के मानसिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास का मजबूत माध्यम है।
कार्यक्रम में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से जुड़े प्रख्यात रंगकर्मी चंदन सिंह बिष्ट एवं रचना ने विशेष रूप से प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि रंगमंच व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास विकसित करता है और समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने युवाओं से थिएटर गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती फाउंडेशन की अध्यक्ष योगिता भंडारी ने की। इस दौरान संस्था की उपाध्यक्ष मधु सांगड़ी एवं कोषाध्यक्ष पुष्पा जोशी सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। रंगमंच से जुड़े कई वरिष्ठ एवं युवा कलाकारों ने भाग लिया। वरिष्ठ रंगकर्मी डी.एन. भट्ट और मनोज जोशी के साथ युवा कलाकार संस्कृति, हर्षिता और रक्षित ने भी थिएटर के भविष्य, युवाओं की भागीदारी और वर्तमान चुनौतियों पर अपने विचार रखे।
अध्यक्ष योगिता भंडारी ने कहा कि सरस्वती फाउंडेशन भविष्य में रंगमंच के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाएगा तथा नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य करेगा। कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन की ओर से मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।
