हल्द्वानी - स्मार्ट मीटर पर उपभोक्ताओं को राहत, पुराने मीटर से भी कर सकेंगे बिल की जांच, डीएम ने दिए यह निर्देश
हल्द्वानी - स्मार्ट बिजली मीटरों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच नैनीताल जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ता अपने पुराने मीटर को 'चेक मीटर' के रूप में उपयोग कर सकेंगे। उपभोक्ता के बिल से पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही पुराना मीटर हटाया जाएगा।
यह निर्देश जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। बैठक में आरडीएसएस (RDSS) योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कुछ कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने तथा समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य लगातार जारी है। अब तक हल्द्वानी नगर खंड में 49.5 प्रतिशत, हल्द्वानी ग्रामीण खंड में 35.8 प्रतिशत, रामनगर खंड में 55.67 प्रतिशत तथा नैनीताल खंड में 38.4 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। विभाग ने बताया कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का भी लगातार निस्तारण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित 30 दिन से अधिक पुरानी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही बिजली चोरी रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता रवि कुमार राजौरा, अधिशासी अभियंता एस.के. सहगल, एस.के. गुप्ता, प्रदीप कुमार तथा गोविंद सिंह कार्की सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
