हल्द्वानी - अधिक ब्याज का झांसा देकर 6.80 करोड़ की ठगी का खुलासा, दो मुख्य अभियुक्त हेम और विकास गिरफ्तार
हल्द्वानी - जनता को अधिक ब्याज और निवेश पर गारंटी का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर की गई कार्रवाई में दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे। एसएसपी द्वारा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 आईपीसी के तहत वर्ष 2017 में स्थापित “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था द्वारा किए गए बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ। अभियुक्तों ने हल्द्वानी (मुखानी) और रामनगर में कार्यालय खोलकर उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देते हुए अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर एवं नैनीताल जनपदों के हजारों नागरिकों से निवेश कराया।
जांच में सामने आया कि संस्था के संचालक हेमचंद पंत (अध्यक्ष) और विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लगभग 6 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि का गबन किया और फरार हो गए। जांच के दौरान दोनों शाखाएं बंद पाई गईं तथा अभियुक्तों के खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ।
न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस टीम द्वारा दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ में लगातार दबिश दी गई। अंततः 04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी व ठगी के मामले दर्ज हैं और गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की संभावना है। इस दिशा में आगे की कार्रवाई जारी है। इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त -
हेमचंद पंत (45 वर्ष), निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल
विकास दुर्गापाल (41 वर्ष), निवासी , निवासी एसकेएम स्कूल के पास डहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, नैनीताल
अभियुक्तों के खातों में क्रमशः ₹2.26 करोड़ एवं ₹4.58 करोड़ की राशि प्राप्त होना पाया गया है।
एसएसपी की अपील -
एसएसपी नैनीताल ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में किसी भी निवेश योजना में धन न लगाएं। निवेश से पूर्व संस्था के पंजीकरण, वैधानिक स्थिति और प्रामाणिकता की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
