हल्द्वानी - दुष्कर्म पीड़िता ने 20 दिन बाद STH में तोड़ा दम, शादी से इनकार पर लगाई थी खुद को आग
हल्द्वानी - रामपुर के खजुरिया थाना क्षेत्र की 17 वर्षीय किशोरी ने 20 दिन उपचार के बाद हल्द्वानी में दम तोड़ दिया है। किशोरी ने एक युवक की ओर से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के बाद इनकार करने पर खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगा दी थी। इस हादसे में उसका चेहरा, शरीर के कई हिस्से जल गए थे, जिसके बाद उसे रामपुर से हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार रात उसकी मृत्यु हो गई।
किशोरी के बड़े भाई ने बताया कि उसकी बहन का डेढ़ साल से कालोनी में रहने आए शीशगढ़ बरेली के 36 वर्षीय युवक के साथ प्रेम संबंध था। युवक की कालोनी में परचून की दुकान है। आरोप है कि युवक ने बहन को शादी का झांसा देकर उसे इधर-उधर घुमाता रहा। 25 अप्रैल को युवक उसे रुद्रपुर लेकर गया, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन ही युवक ने उसकी बहन से शादी करने से इनकार कर दिया। साथ ही, उसने किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
26 अप्रैल की रात, जब बहन घर में थी और परिवार शादी में गया था, तो बहन ने फोन पर बात करने के बाद अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली। परिवार तुरंत उसे रामपुर के जिला अस्पताल ले गए। वहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण 27 अप्रैल को उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। बर्न वार्ड में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से जलने के बाद किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई है। किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। मामला अभी जांच के अधीन है। इसके पीछे मुख्य कारण शादी से इनकार और प्रेमी का धोखा माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
