हल्द्वानी - दिल्ली महारैली से मिशन 2027 तक कांग्रेस की तैयारी तेज, नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने SIR पर उठाए सवाल 

 | 
हल्द्वानी - दिल्ली महारैली से मिशन 2027 तक कांग्रेस की तैयारी तेज, नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने SIR पर उठाए सवाल 

हल्द्वानी - कांग्रेस के वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में उत्तराखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल होंगे। रविवार को हल्द्वानी में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि महारैली के बाद प्रदेशभर में वोट बचाओ अभियान को तेज किया जाएगा। इसके साथ ही विधानसभा स्तर पर चौपालों के माध्यम से संगठन को मजबूत कर मिशन 2027 की तैयारियों को गति दी जाएगी।

दीपक राठौड़ ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम कटने की शिकायतों को कांग्रेस गंभीरता से ले रही है। ऐसे मतदाताओं की सहायता के लिए पार्टी के वोट रक्षक पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को पोर्टल के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है।

पात्र मतदाताओं के नाम कटने की हो जांच: सुमित हृदयेश
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना आवश्यक है। एक व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नहीं होना चाहिए। विवाह या स्थायी रूप से निवास बदलने की स्थिति में मतदाता का नाम उसके वर्तमान निवास क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं कटना चाहिए।

उन्होंने उत्तराखंड में करीब 10 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने के विषय की गंभीरता से समीक्षा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने मताधिकार की रक्षा का मुद्दा उठाने के लिए राहुल गांधी की सराहना भी की।

अखिलेश यादव के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया - 
सुमित हृदयेश ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान पर अपनी व्यक्तिगत राय रखते हुए कहा कि उत्तराखंड के लाखों लोग देश के विभिन्न हिस्सों में रहकर अपनी मेहनत और प्रतिभा से योगदान दे रहे हैं। किसी भारतीय नागरिक को दूसरे प्रदेश में रहने या रोजगार करने के आधार पर घुसपैठिया कहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपने बयान का संदर्भ स्पष्ट करना चाहिए। विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि इस विषय पर उनके विचार व्यक्तिगत हैं और इन्हें कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक राय नहीं माना जाना चाहिए।

ईवीएम की जांच विशेषज्ञों से कराने का सुझाव - 
ईवीएम की विश्वसनीयता पर विधायक ने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों के विशेषज्ञों और स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञों से ईवीएम की तकनीकी जांच कराने का सुझाव दिया, ताकि तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र और संविधान सर्वोपरि हैं तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए।

बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने पर जोर - 
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को जिले से लेकर बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायतों पर ध्यान देते हुए पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेसवार्ता के बाद दीपक राठौड़ ने कांग्रेस के विधानसभा प्रभारियों और बीएलए-1 के साथ बैठक की। इसमें मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं, वोट रक्षक पोर्टल के उपयोग, बीएलए के प्रशिक्षण और विधानसभा स्तर पर चौपालों के आयोजन को लेकर चर्चा हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और मिशन 2027 की तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।

इस दौरान हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, गणेश उपाध्याय, सतीश नैनवाल, शोभा बिष्ट, भागीरथी बिष्ट, जया पाठक, नरेश अग्रवाल, डॉ. मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, संजय किरोला, बहादुर बिष्ट, दीप चंद्र पाठक, महेश कांडपाल, मोहन बिष्ट, किरण माहरा, इंदर पाल आर्य, बिपिन खोलिया, गिरीश पांडे, गुरजीत सिंह गित्ते, मनोज शर्मा, परिमल रॉय, दीपक किरोला, तेज राम आर्य और शंकर कोहली सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now