हल्द्वानी- 30 हजार की रिश्वत लेते धारी का पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, इस नाम पर मांगी रिश्वत 

 | 
हल्द्वानी- 30 हजार की रिश्वत लेते धारी का पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, इस नाम पर मांगी रिश्वत

नैनीताल - उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नैनीताल जिले की धारी तहसील में तैनात पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पीड़ित से उसकी जमीन की नाप (पैमाइश) करने के एवज में रुपयों की मांग कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, धारी तहसील के मौड़ा गांव निवासी पीड़ित अपनी भूमि की पैमाइश कराने के लिए काफी समय से पटवारी कार्यालय के चक्कर काट रहा था। पटवारी निर्मल बोरा ने काम करने के बदले 30 हजार रुपये की मांग रखी। पीड़ित रिश्वत देने के बजाय विजिलेंस की शरण में पहुंच गया और टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

जांच सही मिलने पर बुना गया जाल- 
शिकायत मिलने पर सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी/नैनीताल की टीम ने प्राथमिक जांच की। आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देशन में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।

तहसील में रंगे हाथ दबोचा-
योजना के मुताबिक, जैसे ही पीड़ित ने तहसील परिसर में पटवारी निर्मल बोरा को रिश्वत के 30 हजार रुपये थमाए, वैसे ही मुस्तैद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है।

सफल कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम की सराहना करते हुए नकद पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के एवज में रिश्वत मांगता है, तो उसकी सूचना तत्काल विजिलेंस की हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

WhatsApp Group Join Now