हल्द्वानी - दहशत, 10 वर्षीय किशोर पर झपटा गुलदार, ठंड बढ़ने के साथ बढ़ता जाएगा वन्यजीव का आतंक
कालाढूंगी - विजयपुर गांव में गुलदार की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। शाम होते ही ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। इसी बीच शनिवार देर शाम गांव में गुलदार ने 10 वर्षीय बालक अंश पर झपट्टा मार दिया। अंश ने किसी तरह गुलदार से बचकर अपनी जान बचाई। घटना में बालक घायल हुआ, जिसके बाद उसका उपचार कराया गया।
घटना के बाद गांव में भय का माहौल और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की लगातार आवाजाही हो रही है, जिससे शाम के बाद घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है।
गदगदिया रेंज के वन क्षेत्राधिकारी जगदीश जोशी ने बताया कि वन विभाग को घटना की जानकारी है। गुलदार के हमले में घायल अंश का उपचार कराया गया है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार उपचार के बाद पीड़ित को मुआवजा भी उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आसपास गुलदार की मौजूदगी लगातार बनी हुई है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार की निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही अब ठण्ड बढ़ने से साथ तेंदुआ और बाघ का आतंक और बढ़ जायेगा।


