हल्द्वानी - पाल कॉलेज ने रचा इतिहास, NISM-SEBI नेशनल फाइनेंशियल लिटरेसी क्विज के ग्रैंड फिनाले में बनाई जगह
हल्द्वानी - पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (PCTM) ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए NISM–SEBI की नेशनल फाइनेंशियल लिटरेसी क्विज (NFLQ) 2026 के ग्रैंड फिनाले में स्थान बना लिया है। नई दिल्ली में आयोजित नॉर्थ जोन राउंड में कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष 60 टीमों में टॉप-12 में जगह बनाई। इसके साथ ही टीम ने नवंबर 2026 में मुंबई में होने वाले नेशनल ग्रैंड फिनाले के लिए क्वालीफाई कर लिया।
कॉलेज की ओर से बीबीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा नेहा बनकोटी और बीबीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा दीक्षा खर्कवाल ने प्रतियोगिता में भाग लिया। टीम का मार्गदर्शन बीबीए विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं SEBI स्मार्ट ट्रेनर गिरीश पलड़िया ने किया। कॉलेज प्रबंधन ने इसे संस्थान के साथ-साथ कुमाऊँ और उत्तराखंड के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उनका कहना है कि यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के प्रति कॉलेज की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक निर्भय पाल, चेयरमैन नारायण पाल, सचिव कामिनी पाल तथा सीईओ अतुल पाल ने दोनों छात्राओं और उनके मार्गदर्शक शिक्षक को बधाई देते हुए मुंबई में होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पाल कॉलेज, कुमाऊँ और उत्तराखंड का नाम रोशन करेगी। कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
