हल्द्वानी - ओखलकांडा निवासी फौजी के साथ मकान खरीद में 30 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी मां-बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी - सियाचिन में तैनात एक फौजी से मकान का सौदा कर 30 लाख रुपये लेने के बाद रजिस्ट्री किसी और के नाम कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित फौजी की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में मां-बेटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ओखलकांडा ब्लॉक के खनस्यू थाना क्षेत्र के देवली पोस्ट अंतर्गत ग्राम कोडार निवासी कमल चंद्र कुडाई ने पुलिस को बताया कि उन्होंने तल्ली हल्द्वानी की वसुंधरा कॉलोनी निवासी निर्मला सिंह से मकान खरीदने का सौदा किया था। इस संबंध में 12 दिसंबर 2024 को इकरारनामा हुआ था, जिसकी अवधि 12 दिसंबर 2024 से 12 अक्तूबर 2025 तक निर्धारित थी।
आरोप है कि निर्मला सिंह और उनकी बेटी ज्योति मलिक ने तय समय से पहले ही 30 लाख रुपये बैंक खातों और नकद के माध्यम से ले लिए। कमल चंद्र के अनुसार, उनकी सियाचिन में तैनाती होने के कारण उन्होंने किसी तरह पैसों का इंतजाम कर रकम दी। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी मां-बेटी ने वही मकान किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। इस पर जानकारी लेने पर निर्मला सिंह ने उन्हें धमकी दी और फोन नंबर ब्लॉक कर दिया।
कमल चंद्र छुट्टी लेकर हल्द्वानी पहुंचे और मंडी चौकी में तहरीर दी, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी पक्ष ने न तो पुलिस की बात मानी और न ही कमिश्नर के आदेश या डीजीसी के नोटिस का कोई जवाब दिया। इकरारनामा में यह भी उल्लेख है कि यदि विक्रेता सौदे से मुकरता है तो उसे प्राप्त धनराशि की दोगुनी रकम वापस करनी होगी।
कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि कमल चंद्र कुडाई की तहरीर पर निर्मला सिंह और ज्योति मलिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
