हल्द्वानी - NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान, डायरी में लिखी रहस्यमयी बात, पुलिस इस एंगल से भी जांच में जुटी 

 | 
हल्द्वानी - NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान, डायरी में लिखी रहस्यमयी बात Suicide News

हल्द्वानी - उत्तराखंड के हल्द्वानी में मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही 19 वर्षीय छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मौके से मिली डायरी में लिखी एक रहस्यमयी पंक्ति ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के मानीपुरा कोलारस निवासी अंजलि जाटव हाल ही में हल्द्वानी आई थी। उसने 30 मई को एक निजी कोचिंग संस्थान में NEET की तैयारी के लिए प्रवेश लिया था और मुखानी क्षेत्र में खाटू श्याम मंदिर के पास स्थित एक पीजी में रह रही थी। उसकी नियमित कक्षाएं 29 जून से शुरू होने वाली थीं।

मंगलवार देर रात एक युवक ने अंजलि की सहेली को फोन कर बताया कि वह काफी देर से कॉल कर रहा है, लेकिन अंजलि फोन नहीं उठा रही है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जब कमरे की जांच की गई तो छात्रा दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली। स्थानीय लोगों की मदद से उसे नीचे उतारकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन एक डायरी बरामद हुई है। डायरी में लिखा था, "एक को छोड़ दिया है, दूसरे को नहीं छोड़ूंगी।" इस टिप्पणी को देखते हुए पुलिस प्रेम प्रसंग, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतका के पिता रघुवीर जाटव ने बताया कि उनका बेटा भी हल्द्वानी में कोचिंग कर NEET परीक्षा पास कर चुका है और वर्तमान में एम्स भोपाल में पढ़ाई कर रहा है। बेटे की सफलता से प्रेरित होकर उन्होंने बेटी को भी 563 किमी दूर  मेडिकल की तैयारी के लिए हल्द्वानी भेजा था।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया गया है। कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और गूगल सर्च हिस्ट्री की जांच की जा रही है। छात्रा को आखिरी बार फोन करने वाले युवक से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

WhatsApp Group Join Now