हल्द्वानी - नाम बदलकर किशोरी से दोस्ती, छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का आरोप, ई-रिक्शा चालक पर केस दर्ज 

 | 
हल्द्वानी - नाम बदलकर किशोरी से दोस्ती, छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का आरोप, ई-रिक्शा चालक पर केस दर्ज

हल्द्वानी - कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से कथित तौर पर नाम बदलकर दोस्ती करने, छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। किशोरी के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में किशोरी के भाई ने आरोप लगाया कि फैजान ने करीब तीन माह पहले हिंदू नाम बताकर उनकी नाबालिग बहन से दोस्ती की थी। इसके बाद वह परिवार की गैरमौजूदगी में घर आने-जाने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसने किशोरी के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके पिता को जान से मारने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए कहा।

परिजनों के मुताबिक, दो अक्तूबर को आरोपी उनकी बहन को जबरन ई-रिक्शा में बैठाकर ले जाने लगा। किशोरी किसी तरह हाथ छुड़ाकर वहां से भाग निकली। आरोप है कि आरोपी ने उसका पीछा किया और बरेली रोड स्थित एक गली में उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। हंगामा होने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

मामले की सूचना पुलिस को दी गई। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now