हल्द्वानी - अब यहां 18 बीघा सरकारी जमीन पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माणों पर चली जेसीबी

 | 

हल्द्वानी - आज गुरुवार को हल्द्वानी प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस अभियान में बरेली रोड स्थित पुरानी कथा फैक्ट्री के पास 18 बीघा से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम के साथ एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, तहसीलदार मनीषा बिष्ट और सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट समेत भारी पुलिस बल और निगम कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

अभियान के तहत अवैध रूप से बनाए गए कई पुराने निर्माणों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया। कब्जा हटाने के तुरंत बाद नगर निगम ने ज़मीन पर अपना स्वामित्व बोर्ड भी लगा दिया, यह संकेत देते हुए कि अब यह भूमि नगर निगम के अंतर्गत आती है।

एसडीएम राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई शासन द्वारा चलाए जा रहे अवैध अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतर्गत की गई है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस ज़मीन का उपयोग नगर विकास के कार्यों के लिए किया जाएगा।
 

WhatsApp Group Join Now
News Hub