हल्द्वानी - कूड़ा कलेक्शन चार्ज बढ़ाने की तैयारी में नगर निगम, कूड़े गाड़ी का सेवा शुल्क 60 रूपए प्रतिमाह नहीं, अब इतना देना होगा
हल्द्वानी - नगर निगम क्षेत्र के 60 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के एवज में वसूले जाने वाले यूजर चार्ज को बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। निगम प्रशासन इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसे मार्च में प्रस्तावित बोर्ड बैठक में स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को नई दरों के अनुसार शुल्क अदा करना होगा।
2021 में बढ़ा था शुल्क, अब फिर संशोधन की तैयारी -
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का यूजर चार्ज अंतिम बार वर्ष 2021 में 40 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रतिमाह किया गया था। निगम सूत्रों के अनुसार, इस बार इसे 100 रुपये से अधिक किए जाने की संभावना है। घरों के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के यूजर चार्ज में भी बढ़ोतरी प्रस्तावित है। हालांकि अंतिम दरों का निर्धारण बोर्ड की सहमति के बाद ही होगा। नगर आयुक्त पारितोष वर्मा ने बताया कि प्रस्ताव तैयार होने के बाद इसे बोर्ड बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। बोर्ड की मंजूरी के पश्चात ही नई दरें लागू होंगी।
दो हिस्सों में बंटा है कूड़ा कलेक्शन -
नगर निगम ने कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को दो भागों में विभाजित किया है। पुराने शहर क्षेत्र में निजी कंपनी की गाड़ियां कचरा एकत्र करती हैं, जबकि नए वार्डों में निगम स्वयं यह कार्य कर रहा है। संग्रहित कचरे को गौला बाईपास स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में पहुंचाया जाता है। यहां पुराने कचरे का निस्तारण लीगेसी वेस्ट प्लांट के माध्यम से किया जा चुका है।
1.75 लाख मीट्रिक टन कचरा साफ करने की योजना -
नए कचरे के निस्तारण के लिए नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) को चारकोल प्लांट स्थापित करने की योजना के तहत कचरा साफ किया जाना है। लगभग 1.75 लाख मीट्रिक टन कचरे के निस्तारण पर करीब नौ करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
नवंबर 2022 से यूजर चार्ज वसूली की जिम्मेदारी ‘बैंणी सेना’ को सौंपी गई है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से घर-घर जाकर शुल्क वसूला जाता है। पहले जहां निगम कर्मचारियों के माध्यम से प्रति माह लगभग साढ़े छह लाख रुपये की वसूली होती थी, वहीं बैंणी सेना के जिम्मा संभालने के बाद यह आय बढ़कर 35 लाख रुपये प्रतिमाह तक पहुंच गई है।
25 नए कूड़ा वाहनों का इंतजार -
शहरी विकास निदेशालय की ओर से नगर निगम को 25 नए कूड़ा वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इन्हें नए वार्डों में संचालित किया जाना है। निगम इन वाहनों को निजी कंपनी को सौंपेगा, जो चालक, हेल्पर और रखरखाव की जिम्मेदारी निभाएगी। हालांकि टेंडर प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही नए वाहन कचरा उठान कार्य में लगाए जाएंगे।
