हल्द्वानी - राजीव जायसवाल बने सांसद प्रतिनिधि व्यापार प्रकोष्ठ, व्यापारियों की हर समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
हल्द्वानी - हल्द्वानी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान व्यापारी नेता राजीव जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें नैनीताल-उधम सिंह नगर से सांसद अजय भट्ट का प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वे लोकसभा क्षेत्र में व्यापार प्रकोष्ठ से जुड़े सभी कार्यक्रमों को देखेंगे और क्षेत्र के व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराएंगे।
राजीव जायसवाल ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से व्यापारियों की आवाज़ उठाते आ रहे हैं और अब यह जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मैं अधिकारियों से सीधे संवाद करूंगा, और जो मसले सांसद स्तर के होंगे, उन्हें सांसद भट्ट के समक्ष रखकर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि देश की इकोनॉमी को मज़बूती देने में व्यापारी वर्ग की भूमिका बेहद अहम है, और इस वर्ग को सशक्त करना देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करना है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने भी राजीव जायसवाल को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि व्यापार जगत की पुरानी समस्याएं अब शीघ्र हल होंगी। उनके साथ पत्रकार वार्ता में कई व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
