हल्द्वानी - मदरसन कंपनी का विवाद सुलझा, श्रमिकों का आन्दोलन हुआ समाप्त, कल से काम पर लौटेंगे फैक्ट्री कर्मचारी
हल्द्वानी - लालकुआं क्षेत्र मोटाहल्दू में स्थित मदरसन कंपनी में पिछले कई दिनों से चल रहा श्रमिकों और प्रबंधन के बीच विवाद आखिरकार मंगलवार को सुलझ गया। श्रमिकों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया और काम पर लौटने का निर्णय लिया। बताया गया कि गतिरोध खत्म कराने के लिए प्रशासन, पुलिस, श्रम विभाग के अधिकारियों, प्रबंधन और श्रमिकों के बीच कई दौर की वार्ता हुई। इस दौरान श्रमिकों की 14 प्रमुख मांगों में से 12 को प्रबंधन ने तत्काल स्वीकार कर लिया, जबकि शेष दो मांगों पर शासन स्तर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। वार्ता के बाद सभी श्रमिक फैक्ट्री में वापस लौट आए हैं और बुधवार से उत्पादन कार्य पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।
प्रशासन ने आंदोलन के दौरान श्रमिकों द्वारा बनाए गए अनुशासन और धैर्य की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। वहीं, पुलिस ने चेतावनी दी है कि श्रमिक आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले बाहरी अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, कुछ तत्वों द्वारा कंपनी में तोड़फोड़ और हिंसा की साजिश रची जा रही थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
इस मामले में पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, बैरियर तोड़ने और श्रमिकों को उकसाने के आरोप में 20-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, जिसमें गैंगस्टर और गुंडा एक्ट भी शामिल हैं, सुनिश्चित की जाएगी।
