हल्द्वानी - बंधक जमीन को दोबारा बेचकर 1.35 करोड़ का लोन हड़पा, बैंक मैनेजर ने पति-पत्नी पर दर्ज करवाया मुक़दमा 

 | 
हल्द्वानी - बंधक जमीन को दोबारा बेचकर 1.35 करोड़ का लोन हड़पा, बैंक मैनेजर ने पति-पत्नी पर दर्ज करवाया मुक़दमा

हल्द्वानी - बंधक रखी गई जमीन को दोबारा बेचकर बैंक से 1.35 करोड़ रुपये का लोन हड़पने का मामला सामने आया है। इस मामले में कोर्ट के आदेश के बाद पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसीजेएम की अदालत में दाखिल वाद में दि नैनीताल बैंक लिमिटेड के शाखा प्रबंधक सुरेश चंद्र ने बताया कि लालकुआं के किशनपुर सकुलिया निवासी सुरेश चंद्र जोशी और उनकी पत्नी सरिता जोशी ने 3 जुलाई 2020 को किशनपुर सरकुलिया स्थित 230 वर्ग मीटर तथा हल्द्वानी के बमौरी मल्ली क्षेत्र में 285.43 वर्ग मीटर भूमि को नैनीताल बैंक में बंधक रखकर 1.35 करोड़ रुपये का ऋण लिया था।

 

बैंक के अनुसार, ऋण खाता 30 मार्च 2024 को एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) घोषित हो गया। इसके बाद बैंक द्वारा कई नोटिस भेजे गए, लेकिन आरोपियों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ऋण लेने के मात्र आठ माह बाद ही 27 नवंबर 2020 को बंधक रखी जमीन को गलत तथ्यों के आधार पर देवकी देवी के नाम बेच दिया। मामले का खुलासा होने पर जनवरी 2025 में बैंक शाखा प्रबंधक ने एसएसपी और हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद बैंक ने एसीजेएम कोर्ट का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर मंगलवार रात सुरेश चंद्र जोशी और सरिता जोशी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

 

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पहले आई तहरीर की जानकारी नहीं है, लेकिन अब मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now