हल्द्वानी - विधायक सुमित हृदयेश प्रकरण पर बोले एसएसपी, इन दो लोगों के नाम आए सामने, जानिए क्या-क्या बताया 

 | 
हल्द्वानी - विधायक सुमित हृदयेश प्रकरण पर बोले एसएसपी, इन दो लोगों के नाम आए सामने, जानिए क्या-क्या बताया 

हल्द्वानी -  कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश की ओर से फोन टैपिंग और अपनी व परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई गई आशंकाओं के बाद पुलिस ने मामले को लेकर अपना पक्ष रखा है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि इस प्रकरण में वर्ष 2025 में एलआईयू (स्थानीय अभिसूचना इकाई) से जांच कराई गई थी, लेकिन पुलिस जांच में अब तक कोई ठोस सबूत सामने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक की ओर से शिकायत या कोई ठोस साक्ष्य उपलब्ध कराए जाने पर मामले की दोबारा जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

एसएसपी के अनुसार, विधायक सुमित हृदयेश ने विकास बिष्ट और आशीष कुंथल के नाम से शिकायत दी थी। विकास बिष्ट विधायक के सोशल मीडिया का काम देखता था। इस मामले में विधायक ने उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक कंपनी से भी अपना मोबाइल फोन चेक कराया था। हालांकि, पुलिस की जांच में फोन टैपिंग से जुड़े कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि हल्द्वानी पुलिस विधायक सुमित हृदयेश से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी लेगी। इस दौरान एलआईयू, पुलिस और एसओजी की टीम भी विधायक से बातचीत करेगी। यदि विधायक की ओर से कोई नई शिकायत या साक्ष्य दिए जाते हैं, तो उनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में किसी की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि बीते दिनों कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए प्रदेश में एक बड़े गैंग द्वारा नेताओं के फोन टैप किए जाने का दावा किया था। उन्होंने अपनी गाड़ी का एक्सीडेंट कराए जाने की आशंका भी जताई थी। इस दौरान विधायक भावुक हो गए थे और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े थे। विधायक के इन आरोपों के बाद मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अब पुलिस की ओर से विधायक से बातचीत और नए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

WhatsApp Group Join Now