हल्द्वानी - मेयर गजराज ने यहां चार नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का किया शुभारंभ, अब लोगों को नहीं दौड़ना होगा अस्पताल
हल्द्वानी - शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र में चार अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का शुभारंभ किया गया। महापौर गजराज बिष्ट ने भगवानपुर, दमुवाढुंगा, नारायण नगर बिठौरिया और गोकुल नगरी कुसुमखेड़ा में इन केंद्रों का उद्घाटन किया।
महापौर ने बताया कि शहर में कुल 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर प्रशिक्षित एमबीबीएस चिकित्सकों की टीम द्वारा प्रतिदिन सामान्य रोगों की जांच, परामर्श और उपचार की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यक दवाइयों के वितरण के साथ गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का टीकाकरण, वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच तथा हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी गैर संचारी बीमारियों (एनसीडी) की प्राथमिक जांच और परामर्श भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से गरीब, श्रमिक और दूरस्थ बस्तियों में रहने वाले लोगों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। अब नागरिकों को अस्पतालों तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और घर के नजदीक ही स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इससे समय पर उपचार सुनिश्चित होगा और स्वास्थ्य असमानता में कमी आएगी।
कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि डॉ. अशोक चौहान ने बताया कि सभी केंद्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित रहेंगे। केंद्रों पर डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड प्रणाली लागू की गई है, जिससे मरीजों का स्वास्थ्य डेटा सुरक्षित रहेगा। साथ ही टेलीमेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व रामपुर रोड देवलचौड़ और गौजाजाली क्षेत्र में भी दो केंद्र प्रारंभ किए जा चुके हैं। कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कंचन उप्रेती सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
