हल्द्वानी - पत्नी के मायके जाने से नाराज था युवक, शराब में सल्फास के सेवन से हुई मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हल्द्वानी - शहर के कुसुमखेड़ा क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नारायण नगर निवासी 38 वर्षीय प्रदीप आर्य, जो पेशे से पुताई का काम करता था उसने पत्नी के मायके जाने और पारिवारिक विवाद के बाद जहरीला पदार्थ गटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना के अनुसार, दो दिन पहले उनकी पत्नी नथुवाखान अपने मायके गई थी। गुरुवार सुबह पति-पत्नी के बीच फोन पर कहासुनी हुई, जिसके बाद आवेश में आकर प्रदीप ने शराब की दुकान से शराब खरीदी और उसमें सल्फास मिला कर पी लिया। थोड़ी ही देर में जहर ने असर दिखाया और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। परिजनों ने उन्हें तत्काल हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रदीप अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे घर की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। उन्होंने पीछे 13 वर्षीय बेटा और 5 वर्षीय बेटी छोड़ गए हैं। इस घटना से परिवार और आसपास के लोग गहरे सदमे में हैं। मुखानी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण की पुष्टि होगी।
