हल्द्वानी - नौकरी गई तो थाम लिया तमंचा, शिक्षा विभाग से बर्खास्त व्यक्ति दो तमंचों व 17 कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी - जनपद को अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दो तमंचों और 17 अवैध कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अभियान के अंतर्गत संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अपने घर में अवैध तमंचा रखे हुए है और परिजनों के साथ झगड़ा करता है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर मोबिन खान पुत्र अब्दुल बसीर खान (उम्र लगभग 60 वर्ष), निवासी गौजाजाली उत्तर, थाना बनभूलपुरा, घर पर मौजूद मिला। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि वह परिवार को धमकाता है और उसके पास अवैध हथियार है।
पुलिस द्वारा घर की तलाशी लेने पर निम्न असलाह बरामद हुआ—
01 तमंचा 315 बोर
02 कारतूस 315 बोर
01 तमंचा 12 बोर
04 कारतूस 12 बोर
01 कारतूस 7.62 बोर
10 कारतूस 7.65 बोर (सफेद डिब्बे में)
कुल 02 तमंचे व 17 अवैध कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 व 7/25(1-क) के तहत थाना बनभूलपुरा में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
आपराधिक इतिहास भी आया सामने -
जांच में पता चला कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2017 में थाना मुखानी में धारा 354/363/506 भादवि व 7/8 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें उसे न्यायालय से 7 वर्ष की सजा सुनाई गई थी। वर्तमान में मामला उच्च न्यायालय में अपील पर विचाराधीन है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2023 में शिक्षा विभाग से बर्खास्त हो चुका है। पुलिस अब बरामद असलाह के स्रोत की जांच में जुटी है।
