हल्द्वानी - पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने की आत्महत्या, पत्नी से बोला मायके से नहीं आई तो मरा हुआ मुंह देखेगी
हल्द्वानी - मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पनियाली इलाके में पत्नी के मायके से वापस नहीं आने से परेशान 37 वर्षीय युवक ने घर में आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सर्वेश कुमार पुत्र अनोखे लाल के रूप में हुई है। मूल रूप से बहादुरगंज, पीलीभीत निवासी सर्वेश पनियाली में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रहता था। वह प्लंबर का काम करता था और तीन बच्चों का पिता था। परिजनों के अनुसार, सर्वेश की पत्नी इन दिनों अपनी छोटी बेटी के साथ मायके गई हुई थी। बृहस्पतिवार रात फोन पर पत्नी से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने घर में फंदा लगा लिया। परिजन आनन-फानन में उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
13 साल पहले किया था प्रेम विवाह -
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सर्वेश के बड़े भाई जयप्रकाश ने बताया कि वह चार भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार का दुलारा था। करीब 13 साल पहले उसने खटीमा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। जयप्रकाश के मुताबिक, घटना वाले दिन सर्वेश ने एक कारोबारी मित्र के सामने ही फोन पर पत्नी से बातचीत की थी। परिजनों का कहना है कि उसने पत्नी से घर लौटने की बात कही थी। उसने कहा वह आज ही मायके से नहीं आई तो वह उसका मरा हुआ मुंह देखेगी। परिवार के मुताबिक, इसी साल होलिका दहन की रात भी सर्वेश ने आत्महत्या का प्रयास किया था।
पुलिस को नहीं मिली तहरीर -
घटना की सूचना मिलने पर मुखानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
